मासूम की हत्या मामले की आरोपित पर रासुका
सोनहा। थाना क्षेत्र के परसा खुर्द बुजुर्ग टोला दरियापुर जगंल टोला उकड़हवा में ढाई साल के मासूम के अपहरण और उसकी हत्या के मामले की आरोपित महिला पर रासुका के तहत कार्रवाई की गई है। थाना प्रभारी रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि डीएम और एसपी के अनुमोदन पर आरोपित पार्वती पर यह कार्रवाई हुई है।
थाना सोनहा के परसा खुर्द बुजुर्ग दरियापुर जंगल टोला उकड़हवा में 15 मई को ढाई साल के रितेश पुत्र जवाहिर लाल का अपहरण हुआ था। अपहरण का केस दर्ज कर पुलिस ने छानबीन में सामने आए सुराग के आधार पर 16 मई को आरोपित संदीप को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित की निशानदेही पर अपहृत रितेश के शव को खाजेपुर के जंगल से बरामद किया गया था। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया था कि गांव की ही एक महिला पार्वती से उसका प्रेम संबंध था। पार्वती का मृतक रितेश के परिवारीजनों से पूर्व में विवाद हुआ था। उसी रंजिश में ही संदीप के साथ मिलकर पार्वती मासूम के अपहरण और हत्या की साजिश रची थी। उसके बाद पुलिस ने पार्वती को गिरफ्तार कर लिया था।
उसके पास से मृतक मासूम रितेश की चप्पल तथा घटना में प्रयुक्त साइकिल बरामद हुई थी। इसी हत्याकांड में आरोपित पार्वती पर रासुका की कार्रवाई की गई है। घटना के बाद कई दिनों तक गांव में तनाव रहा। गांव में सोनहा पुलिस के अतिरिक्त जनपद के कई थानों की पुलिस, पीएसी तैनात रही। उच्चाधिकारी भी गश्त करते रहे और लोगों को समझाकर स्थिति को सामान्य करने में कई दिन लग गए थे।