बस्ती। सदर ब्लाक की कुसुम्हा ग्राम पंचायत में प्रधान पद के रिजल्ट को
लेकर जमकर हंगामा हुआ। तीन चक्र की मतगणना के बाद प्रत्याशी बेचन एक मत से
आगे थे।
निकटतम प्रत्याशी सुशील ने फिर मतगणना कराने को कहा। आरओ
ने मतगणना कराई तो दोनों प्रत्याशियों के मत बराबर हो गए। दोनों को 356-356
वोट मिले। बेचन ने एतराज जताया। उनका आरोप था कि उसे जानबूझकर हराने की
कोशिश की जा रही है।
इसमें उसके गांव का एक कर्मचारी शामिल है जो
मतगणना स्थल के अंदर है। आरओ ने उसकी एक न सुनी और लाटरी सिस्टम के
इस्तेमाल की तैयारी करने लगे। इसी दौरान बेचन बेहोश हो गए।
उनके
बेहोश होते ही मतगणना स्थल पर हंगामा होने लगा। आरओ पर भी आरोप लगने लगे।
बाद में आरओ ने मतपत्रों की गड्डी खोलकर चेक की तो दूसरे प्रत्याशी सुशील
की गड्डी में तीन मत एक अन्य प्रत्याशी का मिला। इसे उसके मतों के साथ
पूर्व में जोड़ा गया था।
इस प्रकार अंत में आरओ डॉ. जीसी द्विवेदी
ने बेचन को तीन मतों से विजयी घोषित किया। बेचन ने कहा कि उसे हराने की
साजिश की गई थी जो मीडिया के रहते सफल नहीं हो पाई।