बस्ती। मंगलवार को दूसरे चरण में के पंचायत चुनाव में बस्ती सदर ब्लाक के
मतदान केंद्र रानीपुर में फर्जी मतदान का आरोप लगा कर प्रत्याशियों के
समर्थक आपस में भिड़ गए।
इस दौरान पांच लोगों के घायल होने के बाद
पुलिस ने पहले भीड़ को लाठी लेकर खदेड़ा और बाद में आंसू गैस के गोले
छोड़े। इस दौरान मतदान प्रभावित होने की सूचना नहीं है। इस मामले में पुलिस
ने सात लोगों को हिरासत में लिया है।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित
रानीपुर ग्राम प्रधान के मतदान के दौरान दिन में तीन बजे के करीब
प्रत्याशियों के समर्थकों का दो गुट एक दूसरे पर फर्जी मतदान का आरोप लगाते
हुए आपस में भिड़ गया।
मारपीट होते देख मतदान केंद्र पर तैनात
कर्मियों ने अधिकारियों को इसकी सूचना दी। मौके पर सीओ कलवारी तनवीर अहमद
खान के पहुंचते ही पुलिस फोर्स ने लोगों को खदेड़ना शुरू किया।
इसके
बाद भी बड़ी संख्या में लोग जब मतदान केंद्र के पास जमा होने लगे तो पुलिस
को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। आंसू गैस के गोले छूटने के बाद लोग
मतदान केंद्र के पास से भागे। आपस में मारपीट में पांच लोगों को चोटें आई
है।
इनमें अंशू सिंह, अंकुर सिंह, आलोक सिंह पुत्रगण जामवंत सिंह,
अनिल सिंह और सुनील सिंह पुत्रगण जगन्नाथ सिंह शामिल है। वहीं पुलिस ने
बवाल करने के आरोप में एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से पांच लोगों को
हिरासत में लिया है।
घटना के बाद सुपर जोनल मजिस्ट्रेट रामप्रसाद व
सीओ सिटी अतुल सोनकर भी मौके पर पहुंच गए। एसओ ओंकार सहाय का कहना है कि
इस मामले में अभी किसी ने कोई तहरीर नहीं मिली है। थाने पर कुछ लोग बैठाए
गए है।
सुपर जोनल मजिस्ट्रेट एसडीएम सदर रामप्रसाद ने कहा कि मतदान
केंद्र पर दो पक्षों में संघर्ष के बाद भीड़ को खदेड़ा गया और पुलिस ने
आंसू गैस के गोले छोड़े।