उप्र लेखपाल संघ के निर्वाचित जिला पदाधिकारियों ने शपथ ली।
बस्ती। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिला संगठन का चुनाव शुक्रवार को सदर तहसील सभागार में हुआ। इस दौरान कुल सात पदों के लिए मतदान कराया गया। देर रात परिणाम घोषित हुआ। इसमें रामसुमेर अध्यक्ष और अंकित चौधरी मंत्री निर्वाचित किए गए। विजयी प्रत्याशियों को फूल मालाओं से लाद दिया गया।
चुनाव अधिकारी मंडलीय मंत्री इम्तियाज अहमद एवं पर्यवेक्षक संगठन मंत्री पूर्वी जोन धनंजय श्रीवास्तव की मौजूदगी में कुल सात पदों के लिए चुनाव कराया गया। मतदान के दौरान कुल 511 मतों में से 465 वोट पोल हुए। इसके बाद वोटों की गिनती की गई। अध्यक्ष पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। सर्वाधिक राम सुमेर को 156 वोट मिले। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी मनोज मणि त्रिपाठी को 149 वोट पर संतोष करना पड़ा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशी थे। इसमें सर्वाधिक 196 वोट पाकर शैलेंद्र प्रताप सिंह विजयी घोषित हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भोला पासी को 135 वोट मिला। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद दो लोग मैदान में थे। शुभम सेन शर्मा ने 212 वोट हासिल कर जीत दर्ज कराई। अनंत कुमार को केवल 196 वोट मिले। मंत्री पद पर तीन लोग मैदान में थे। अंकित चौधरी सर्वाधिक 210 वोट पाकर जीत हासिल किए। दूसरे स्थान पर अजय कुमार श्रीवास्तव रहे। उन्हें 180 वोट मिला। उप मंत्री पद पर 242 वोट पाकर हरिओम विजयी हुए। 201 वोट पाकर संजय कुमार दूसरे स्थान पर रहे।कोषाध्यक्ष पद पर हरी सिंह 313 वोट पाकर विजयी हुए। उनके प्रतिद्वंदी मो. युनूस को मात्र 135 वोट मिला। आडिटर पद पर वरुणेंद्र शुक्ला 233 वोट पाकर विजयी हुए। उनके प्रतिद्वंदी वेद प्रकाश को 219 वोट मिला। विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी गई। इस मौके पर संतकबीरनगर के जिलाध्यक्ष बुद्धिराम चौधरी, सिद्धार्थनगर के जिला मंत्री रणबीर यादव मौजूद रहे।