हर्रैया के खैरी ओझा गांव में कंपनी के प्लांट का चलाता था ट्रेलर
हर घर जल योजना के तहत पाइप लाइन डालने का काम कर रही कंपनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। हर्रैया थाना क्षेत्र के खैरी ओझा गांव के पास शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका ट्रेलर चालक का शव मिला। पुलिस परिवार के लोगों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक के परिजन राजस्थान से बस्ती रवाना हो गए हैं। आसपास के लोग ट्रेलर चालक की हत्या की आशंका जता रहे हैं। वही प्लांट के अधिकारी मामले में कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान प्रांत के बाड़मेर जिले के भियाड़ थाना क्षेत्र के उण्डू गांव निवासी चनणा राम पुत्र कौशल राम हर्रैया क्षेत्र के खैरी ओझा गांव के सटे मेघा कंपनी के प्लांट में कई माह से ट्रेलर चलाते थे। उसके साथ उसके इलाके के और लोग भी काम करते हैं। शुक्रवार की सुबह सात बजे हर्रैया क्षेत्र के खैरी ओझा गांव के पास ग्रामीणों ने पेड़ से लटका शव देखा।
कुछ ही देर में आसपास के लोगो के साथ प्लांट के कर्मचारी भी शव के पास पहुंचे। उनमें से कई साथियों ने चनणा राम (23) के रूप में शव की पहचान की। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। सूत्रों की मानें तो 29 जून को उसने ट्रेलर लेकर प्लांट में इंट्री की थी। ट्रेलर पीछे के रास्ते से निकालकर पगडंडी पर खड़ी किया था। घटना को लेकर कई तरह की चर्चा हो रही है। हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक राणा डीपी सिंह ने बताया कि ट्रेलर चालक के परिजनों को सूचना दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा हैं। रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई का पता चल पाएगा।