संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। खुशगवार मौसम के बीच धनतेरस पर खरीदारी करने के लिए लोगों की भीड़ उमडी। ऑटोमोबाइल का कारोबार ऊंचाई पर देखने को मिला, वहीं महंगाई के बावजूद सर्राफा कारोबार भी खूब चमका। भीड़ के चलते शहर के तमाम रास्ते ठहर गए।
व्यापारियों से मिल रही रुझान के आधार पर अनुमान है कि जिले में कुल मिलाकर तीन सौ करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
गांधीनगर में तिल फेंकने की जगह रात नौ बजे तक नहीं रही। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री राम विनय पांडेय ने बताया कि इस बार महंगाई के बावजूद अच्छा जा रहा है।
धनतेरस पर बाजार में हुए कारोबार से व्यापारियों के चेहरे चमक उठे। छोटी-बड़ी सभी दुकानें खरीदारों से भरी रहीं। खरीदारों के आने-जाने का सिलसिला देर रात तक बना रहा।
ऑटोमोबाइल कारोबारी रवि चौधरी आदि ने कहा कि इस बार ऑटोमोबाइल का कारोबार ठीक-ठाक रहा। रवि चौधरी ने बताया कि उनके प्रतिष्ठान से करीब 80 वाहन बिके। सराफा व्यवसायी कुंदन वर्मा ने बताया कि इस धनतेरस पर कारोबार अच्छा रहा है। पिछले धनतेरस के मुकाबले इस बार बाजार थोड़ा बढ़ा है। बर्तन व्यवसायी आलम ने कहा कि इस बार बिक्री बढ़ी है। इलेक्ट्रानिक्स के बड़े व्यवसाई अभिषेक गुप्ता बताते हैं कि हीटर वाली एसी की मांग अबकी बार ज्यादा है। इसके अलावा दो लाख तक की टीवी भी लोगों की पहली पसंद रही।
बर्तन कारोबारी सुनील गुप्ता ने बताया कि इस बार धनतेरस में इलेक्टि्रक बर्तन की मांग ठीक-ठाक रही। स्टील, पीतल, तांबा के अलावा मिट्टी के भी आधुनिक डिजाइन के बर्तन भी लोग खूब खरीदे। स्वर्ण व्यवसायी हरिओम लल्ला ने बताया कि आभूषण की सर्वाधिक बिक्री धनतेरस के दिन होती है। चांदी के सिक्कों से लेकर महिला-पुरुष के आभूषणों की मांग इस बार ज्यादा दिख रही है। व