जिले में हुई बारिश के बाद मौसम हुआ सुहाना संवाद
बस्ती। जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बुधवार की रात से शुरू हुई बारिश बृहस्पतिवार को पूरे दिन जारी रही। जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, वहीं फसलों के लिए संजीवनी भी साबित हुई। जो लोग सिंचाई की तैयारी कर रहे थे, अब उन्हें सिंचाई नहीं करना पड़ेगा।
लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शहर से लेकर गांव तक सड़को पर जगह- जगह जल जमाव की स्थिति बन गई है। ऐसे में राहगीरो को आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कामकाजी लोगों और आवश्यक कार्य से बाहर निकलने वाले राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस बारिश को लेकर किसानों की मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। धान की फसलों के लिए यह पानी किसी अमृत से कम नहीं माना जा रहा है, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
देर से धान की बोआई करने वाले किसानों के लिए और भी राहत भरी यह बारिश साबित हुई है। नमी के चलते फसलों का तेजी से विकास हो रहा है। जिनमें बालियां आ रही हैं, वह भी अच्छी ग्रोथ करेंगी। जिला कृषि अधिकारी डॉ. बीआर मौर्य ने बताया कि यह बारिश धान की फसल के लिए बहुत ही अच्छी है। जहां फसलों को तेजी से विकास होगा, वहीं नमी के चलते खाद बोआई का कार्य भी किसान आसानी से कर सकेंगे।