बारिश के दौरान बिजली के तार पर गिरा पेड़। संवाद
बस्ती। जिले में बुधवार शाम तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हुए। एनएच-27 पर भदावल और बिजरा के पास पेड़ गिरने से यातायात घंटों प्रभावित रहा। हर्रैया में हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने बारिश के बीच मशीनों की मदद से पेड़ हटाकर यातायात बहाल कराया। महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में शाम करीब 3:30 बजे तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। भदावल में हाईवे की हर्रैया-बस्ती लेन पर पेड़ गिर गया। इससे वाहनों की आवाजाही रुक गई और देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर हर्रैया पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात नियंत्रित करने में जुट गई।
इसके बाद एनएचएआई की टीम हाइड्रा और अन्य मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। पेड़ को काटकर हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रास्ता साफ होने के बाद यातायात सुचारु हो सका। बिजरा गांव के सामने भी हाईवे पर पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित हुआ। यहां भी एनएचएआई की टीम ने पेड़ हटाकर रास्ता खोल दिया।