रेलवे देने जा रहा है दिव्यांगों को सौगात
बस्ती। आदर्श रेलवे स्टेशन कहे जाने वाले बस्ती रेलवे स्टेशन को एक और सौगात मिलने जा रही है। यहां दिव्यांगों के लिए लिफ्ट लगाई जाएगी। पहले यह सुविधा न होने की वजह से दिव्यांगों को एक से दूसरे प्लेट फार्म तक जाने में असुविधा होती थी। लिफ्ट लग जाने से उनकी राह आसान हो जाएगी।
स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर एक, दो, तीन एवं चार पर जल्द ही लिफ्ट लगाए जाने की कवायद शुरू होगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कार्यदायी संस्था का चयन भी कर लिया गया है। बस्ती रेलवे स्टेशन को आदर्श श्रेणी का दर्जा प्राप्त है। इस स्टेशन से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग यात्रा करते हैं। यात्री सुरक्षा की दृष्टि से जल्द ही इस स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। यह कैमरे अत्याधुनिक तकनीकी से लैस होंगे। यहां प्लेटफार्मों पर लगे टीन शेड काफी पुराने थे। इसके चलते बारिश में यात्रियों को सांसत झेलनी पड़ती थी। इन टीन शेडों की जगह नई टीन शेड लगाई जा रही है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी: आईओडब्ल्यू
रेलवे के आईओडब्ल्यू एनएस चंदेल कहते हैं कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई। लिफ्ट लगाने का काम जल्द ही शुरू होगा। साथ ही प्लेटफार्मों पर जो टीन शेडें टूटी हुई थी, उन्हें बदलने का काम चल रहा है।