बस्ती। घने कोहरे और शीतलहर में ट्रेन संचलन को लेकर रेलवे प्रशासन अलर्ट हो गया है। मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर तकनीकी टीम के अधिकारियों ने अपने क्षेत्र के रेल प्रखंड निगरानी बढ़ा दी है। रेल हादसों से बचने के लिए तकनीकी टीम नियमित रेल लाइन का निरीक्षण कर रही है। कमियां मिलने पर उसे तत्काल ठीक कराया जा रहा है। कोहरे के चलते ट्रेनों का संचलन प्रभावित हो गया है। मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ गौरव अग्रवाल ने अधिकारियों को सतर्कता बरतने के साथ नियमित रेल पटरियों पर गश्त करने के निर्देश दिए हैं। रेलवे प्रशासन की ओर से सुरक्षा के दृष्टिगत लगातार पटरियों का निरीक्षण किया जा रहा है। रेल कर्मचारियों को सुरक्षित यात्रा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ की ओर से समपार फाटक पर तैनात सभी गेटमैन को ड्यूटी के दौरान कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है। यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी संरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिससे कोहरे में सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित हो सकें। संवाद