घर बैठे मिलेगी पार्सल से संबंधित जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रेलवे स्टेशन जल्द ही पार्सल इंफाॅर्मेशन सिस्टम (पीआईएस) से जुड़ेगा। पार्सल मैनेजमेंट सुविधा की शुरुआत भी होगी। इससे पार्सल पर लगे बार कोड के माध्यम से वस्तु की जानकारी भेजने वाले अथवा प्राप्तकर्ता को मिलती रहेगी। पीआईएस स्टेशन पर पार्सल गायब होने की घटनाओं पर रोक लगने के साथ ही डिलीवरी भी समय पर हो सकेगी।
इस सुविधा का सबसे अधिक फायदा व्यवसायियों को होगा। इसका नियंत्रण कक्ष एवं मुख्यालय गोरखपुर में बनाया जाएगा। रेलवे प्रबंधन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम की मदद से बुकिंग व्यवस्था पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। सामान बुक कराते ही उपभोक्ता को एक बार कोड मिल जाएगा। इसके माध्यम से उपभोक्ता को मोबाइल फोन नंबर पर ही पार्सल से संबंधित अपडेट मिलती रहेगी। इससे बुकिंग के बाद पार्सल के परिवहन के दौरान उसकी वर्तमान स्थिति लोडिंग, अनलोडिंग एवं डिलीवरी की सटीक जानकारी एसएमएस के जरिए उपभोक्ता के मोबाइल फोन पर अपडेट होती रहेगी।
स्टेशन अधीक्षक नसीम बताते हैं कि पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम से रेल कर्मचारियों को भाड़े की ऑटोमेटिक गणना करना आसान होगा। इससे ग्राहकों में संतुष्टि एवं पार्सल बुकिंग व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी। नई व्यवस्था को लागू करने का मुख्य उद्देश्य रेल उपभोक्ताओं की सुविधा एवं पार्सल यातायात में वृद्धि करना है।