प्लेटफार्म पर वैकल्पिक व्यवस्था न होने से यात्रियों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बभनान। आदर्श रेलवे स्टेशन बभनान पर पेयजल का संकट खड़ा हो गया है। तीन दिन पहले पानी का मोटर खराब हो गया। इसके चलते प्लेटफार्म पर लगाए गए वाटर कूलर व टोटियां सूख गई हैं।
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 18 सवारी गाड़ियां व एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन होता है। प्रतिदिन करीब ढाई हजार की संख्या में यात्री यहां आते-जाते हैं। पानी का मोटर खराब होने के कारण प्लेटफार्म पर पेयजल की व्यवस्था बेपटरी हो गई है। प्लेटफार्म नंबर दो की दशा बेहद खराब है। इस पर हैंडपंप तक की व्यवस्था नहीं है।
प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थापित हैंडपंप उखाड़ दिया गया है। ट्रेन रुकने के बाद यात्री उतर कर पानी ढूंढते हैं और थक हारकर रेलवे को कोसते हुए फिर जाकर बैठ जाते हैं। वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विनीत कुमार ने बताया कि बभनान रेलवे स्टेशन पर मोटर खराबी की जानकारी मिली है। इसे ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।