बस्ती। रेलवे सुरक्षा बल बस्ती एवं खलीलाबाद चौकी की पुलिस ने ई-टिकट दलाल को सिद्धार्थनगर से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मोबिन पुत्र अब्दुल मन्नान निवासी इंद्रीग्रांट, थाना मिश्रौलिया जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में की गई है। पकड़े गए व्यक्ति के पास से अलग-अलग नाम की 35 आईडी बरामद की गई हैं। उप निरीक्षक सुनील कुमार कसाना, सहायक उप निरीक्षक रवींद्र सिंह, हेड कांस्टेबल आलोक कुमार सिंह, कांस्टेबल अरशद अली, पप्पू प्रसाद, देवेंद्र सिंह, आरपीएफ खलीलाबाद चौकी के हेड कांस्टेबल वीरेंद्र नाथ पांडेय, कांस्टेबल महेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राम बहादुर, कांस्टेबल विद्यारत्न मिश्र की टीम सूचना पर एलर्ट हो गई। टीम ने सिद्धार्थनगर के खड़सरी चौराहा स्थित मोबिन बेकर्स एंड कॉफी कॉर्नर पर छापा मारा। यहां ई-टिकट के अवैध कारोबार में संलिप्त मोबिन को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में पता चला कि वह आईआरसीटीसी की पर्सनल यूजर आईडी पर टिकट बनाकर जरूरतमंद यात्रियों से किराए के अतिरिक्त 300 से 400 रुपये प्रति टिकट वसूल करता था। उसके पास से अलग-अलग नाम की 35 आईडी बरामद की गई है। इसके अलावा 116941.70 रुपये कीमत के यात्रा शेष 44 ई- टिकट, 182761.40 रुपये कीमत के यात्रा समाप्ति के 23 ई-टिकट एवं टिकट निकालने के उपकरण लैपटाप, प्रतिबंधित साफ्टेवयर, एक मोबाइल तथा 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।