स्वच्छता के प्रति यात्रियों को जागरुक करते रेलकर्मी।संवाद
बस्ती। रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म और ट्रेन के कोच में स्वच्छता बनाए रखने एवं बेहतर साफ-सफाई को लेकर रेल कर्मचारियों की ओर से रैली निकाली गई। यात्रियों को जागरूक करते हुए अपील की गई की ट्रेनों और स्टेशन परिसर में सिंगल-यूज प्लास्टिक का कम से कम प्रयोग करें और इसके दुष्प्रभावों से होने वाली संक्रामक बीमारियों को अवगत कराया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर के निर्देशानुसार मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में बस्ती और खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर रेल कर्माचारियों, एनसीसी और स्काउट गाइड सदस्यों ने स्वच्छता जागरूकता अभियान रैली निकाल यात्रियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छता का संदेश देते हुए जागरूक करते हुए बताया कि ट्रेन के कोच, प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर में कभी भी कचरा या खाने-पीने का अन्य कोई सामान इधर-उधर नहीं फेंकना चाहिए। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ता है।
ऐसे में कचरा को डस्टबिन में डालने की अपील की गई। रेलवे स्टेशनों पर स्थित खान-पान स्टॉलों एवं विक्रेताओं को सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने एवं पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही यात्रियों एवं विक्रेताओं को बताया गया कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े या जूट के थैलों का प्रयोग करें, जिससे पर्यावरण संरक्षण में योगदान मिल सके।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत इस प्रकार के अभियान विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है, उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त रेल परिसर बनाना है, इसके लिए यात्रियों का सहयोग अपेक्षित है।