नगर बाजार कस्बे में सहज जनसेवा केंद्र से हो रहा था धंधा
पर्सनल आईडी के जरिए टिकट की दलाली कर रहा था सेराज आलम
- डेढ़ लाख रुपये के टिकट व आईडी समेत लैपटॉप बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आरपीएफ ने नगर बाजार कस्बे से ई-टिकट के धंधेबाज को बृहस्पतिवार को उसकी दुकान से पकड़ा। जबकि उसका साथी मौका देखकर भाग निकला। आरपीएफ ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बस्ती के आरपीएफ इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्र, एसआई सुनील कुमार कसाना, एएसआई रवींद्र कुमार सिंह की टीम ने गोरखपुर से आए सीआईबी के निरीक्षक धीरज कुमार सिंह के साथ नगर बाजार कस्बे में संचालित एक सहज जनसेवा केंद्र पर छापा मारा और सेराज आलम कुरैशी को रंगे हाथ टिकट बनाते हुए पकड़ लिया। जबकि उसका एक साथी मौका देखकर भाग निकला। जांच में पता चला कि वह पर्सनल आईडी पर ई-टिकट बनाकर बेच रहा था और 300 रुपये अधिक वसूली कर रहा था। छानबीन में 92 हजार 967 रुपये 70 पैसे के 22 यात्रा के शेष टिकट, 50 हजार 126 रुपये 75 पैसे के 25 पूर्ण टिकट समेत टिकट बरामद किए गए। टीम ने लैपटॉप व अन्य सामग्री को कब्जे में ले लिया।
...
17 आईडी बनाकर जारी करता था टिकट
पर्सनल आईडी पर टिकट बनाने वाला जन सेवा केंद्र संचालक ने अलग-अलग नाम से 17 आईडी बनवा रखे थे। आईआरसीटीसी के नियमाें के अनुसार एक आईडी पर एक महीने में सिर्फ छह टिकट जारी किया जा सकता है। इसलिए उसने अलग-अलग नाम से आईडी बनवा रखे थे, ताकि ज्यादा से ज्यादा टिकट जारी कर सके। जानकार बताते हैं कि यह पर्सनल आईडी पर टिकट जनरेट करने की सुविधा इसलिए दी गई है ताकि लोग घर बैठे खुद या परिवार के लिए टिकट जारी कर सकें।
...
कोट
नगर बाजार स्थित सहज जन सेवा केंद्र की लंबे समय से निगरानी की जा रही थी। उसकी गतिविधियों की सूचना एकत्रित कर एक आरोपी को मौके पर हिरासत में लेकर 143 रेल अधिनियम के तहत न्यायालय भेज दिया गया है। उसके सहयोगियों की तलाश की जा रही है।
- इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा, आरपीएफ