बस्ती। शहर के स्टेशन रोड स्थित चइयाबारी मोहल्ले में संचालित प्रिंस मैरेज हॉल पर शनिवार को एसडीएम सदर के नेतृत्व में छापा पड़ा। इस दौरान मैरेज हॉल का सराय एक्ट में पंजीकरण नहीं पाया गया। भूमि की छानबीन करने पर पता चला कुछ हिस्सों का निर्माण तालाब की जमीन पर कर लिया गया है।
भू-लेख अभिलेखों की जॉच पड़ताल शुरू कर दी गई। एसडीएम सदर ने मैरेज हॉल के मालिक प्रिंस चौधरी को जमीन के कागजात प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मगर उनके द्वारा कागजात नहीं प्रस्तुत किया जा सका। एसडीएम को छानबीन में पता चला कि पूर्व में तालाब की जमीन पर फर्जी ढंग से इंद्राज कराकर कब्जा कर लिया गया है। एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से इसे निरस्त कर खतौनी में तालाब के नाम गाटा संख्या 3158 रकबा 0.379 हेक्टेयर को तत्काल इंद्राज कराया। इसके अलावा मैरेज हॉल का पंजीकरण भी नहीं पाया गया है। एसडीएम ने मैरेज हॉल के बुकिंग पर रोक लगा दी है। घंटों चली इस कार्रवाई से हड़कंप मची रही। लंबे समय से तालाब की जमीन पर मैरेज हॉल बनाए जाने की शिकायत हो रही थी। मगर कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। एसडीएम ने बताया कि कब्जा की गई तालाब की जमीन को जल्द खाली कराया जाएगा। शिकायत के आधार पर जॉच की गई है तो तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा का मामला सही पाया गया है। फर्जी ढंग से कराए गए इंद्राज को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है।