सीमेंट व्यवसायी के गोदाम पर छापा, 148 बोरी नकली सीमेंट बरामद
कंपनी के सीनियर मैनेजर की सूचना पर हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। रुधौली थाना क्षेत्र के नसीबगंज तिराहे पर स्थित एक सीमेंट व्यवसायी के गोदाम पर रविवार को पुलिस ने छापा मारकर 148 बोरी नकली सीमेंट बरामद किया है। यह कार्रवाई सीमेंट कंपनी के सीनियर मैनेजर संजय शर्मा की सूचना पर की गई।
जानकारी के अनुसार एक ख्याति प्राप्त सीमेंट कंपनी के अधिकारियों से कुछ लोगों ने शिकायत की कि नसीबगंज तिराहे पर स्थित मेसर्स सीताराम एंड संस पर काफी दिनों से उनके ब्रांड के नाम की नकली सीमेंट की बिक्री की जा रही है। शिकायत को संज्ञान लेते हुए कंपनी की ओर से टीम लीडर नीरज मिश्रा की अगुवाई में सीनियर मैनेजर संजय शर्मा व उनके सहयोगियों ने डमी मार्केटिंग के माध्यम से सीमेंट की जांच की तथा शिकायत को सही पाया। कंपनी के अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव को दी। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रुधौली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार जब कंपनी के अधिकारियों के साथ नसीबगंज स्थित व्यापारी के गोदाम पर पहुंचे तो वहां असली सीमेंट के साथ 148 बोरी नकली सीमेंट बरामद किया गया। पुलिस ने कंपनी के सीनियर मैनेजर संजय की तहरीर की आधार पर मेसर्स सीताराम एंड संस के मालिक के विरुद्ध कॉपीराइट एक्ट तथा धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दिया है।