बस्ती के भानपुर के सावित्रि विद्या विहार क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण कर बाहर निकलते डीएम आशुतोष
- फोटो : BASTI
डीएम, एसपी ने क्वारंटीन सेंटरों की व्यवस्था जांची
भानपुर(बस्ती)। कोरोना वाइरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए शनिवार को डीएम आशुतोष निरंजन और एसपी हेमराज मीणा ने भानपुर तहसील क्षेत्र में संचालित क्वांरटीन सेंटर और कम्यूनिटी किचन की व्यवस्था जांची। प्रतिदिन बनने वाले भोजन और सफाई के बारे में पूछताछ की। व्यवस्था ठीक मिलने पर संतुष्टि जाहिर की।
डीएम ने एसडीएम आशाराम वर्मा को कड़ाई से लॉकडाउन का पालन कराने का निर्देश दिया। कहा कि सुबह-शाम सड़कों पर बेवजह निकलने वाली भीड़ पर विशेष नजर रखी जाय। भानपुर पहुंचे अधिकारियों ने सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय नरखोरिया में क्वारंटीन किए गए बाहर से आए लोगों से बात की और उनका हाल जाना। तत्पश्चात वे प्राथमिक विद्यालय भानपुर पहुंचे जहां उन्होंने भोजन आदि के बारे में जानकारी ली, लेकिन भोजन बनाकर रसोइया के घर चले जाने की वजह से वे विद्यालय के किचन को नहीं देख सके। इसके पश्चात उन्होंने तहसील कैंटीन में स्थापित कम्यूनिटी किचन का जायजा लिया। अंत में सावित्री विद्या विहार इंटर कॉलेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर की व्यवस्था जांची और संतुष्टि जताते हुए लौट गए। इस मौके पर तहसीलदार केशरी नंदन तिवारी, प्रभारी निरीक्षक सोनहा पंकज कुमार सहित सभी गांवों के प्रधान और ड्यूटी पर लगे कर्मी मौजूद रहे।