बस्ती। विजयदशमी के दिन शाम ढलने के बाद शहर की रौनक देखते बन रही थी। कंपनीबाग दुर्गा पंडाल के निकट हर वर्ष के भांति ज्योति यात्रा सज-धज कर तैयार हुई तो इसमें शामिल होने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। तरह-तरह के इंतजाम यात्रा के आकर्षण का केंद्र बन गया।
ऊंट- घोड़े के साथ देश के विभिन्न प्रांतों की संस्कृतियों की झलकियां बिखरेते पंजाब, राजस्थान, बनारस के मंझे कलाकार जब निकले तो इस यात्रा को भव्यता मिलते देर नहीं लगी। यात्रा ज्यों- ज्यों आगे बढ़ी पूरा शहर ठहर सा गया। सड़क के किनारे, दुकानों में और घरों के छतों पर यात्रा की दिव्यता निहारने वालों की लंबी कतार लगी रही। जयकारों के बीच जगह- जगह पुष्प वर्षा से दृश्य ऐसा मानों पूरी बस्ती निहाल हो उठी है।
24 वर्ष से अनवरत विजयादशमी पर्व पर कंपनीबाग से गांधीनगर तक भव्य ज्योति यात्रा निकाली जाती है। इसमें श्रद्धालुओं की अपार भीड़ जुटने के कारण प्रशासन ने इसकी दूरी कम कर दी है। ताकि शहर के अन्य हिस्से का आवागमन प्रभावित न हो। यात्रा के मद्देनजर शाम पांच बजे के बाद से ही कंपनीबाग और रोडवेज की तरफ से गांधीनगर मार्ग को ज्योति यात्रा के लिए खाली करा दिया गया।
वाहनों का बिल्कुल वर्जित हो गया। अद्भुत झांकियों के साथ भारी हुजूम के साथ जब यात्रा कंपनीबाग से आगे बढ़ी तो लोग बरबस ही निहाल होते गए। रास्ते में मथुरा के नृत्य का दृश्य यात्रा को ठहरने पर विवश किया तो हनुमानगढ़ी के सामने बनारस की गंगा आरती का प्रदर्शन दश्वासमेध एवं अस्सी घाट की याद दिलाता रहा। आस्था के इस महापर्व में गंगा आरती ने और दिव्यता भर दी।
घरों के छतों से लोग यात्रा में शामिल श्रद्धालु, कलाकार सभी फूलों की वर्षा करते रहे। पंजाब का प्रसिद्ध गतका नृत्य और जयपुर के अलमगोजा शहर से आए 13 फीट लंबी मूछ वाले वादक रामनाथ चौधरी को देखने के लिए हर कोई आतुर रहा। भीड़ के आगे जिन्हें सीधे देखने का अवसर नहीं मिला तो वह दुकानों के रेलिंग और सीढि़यों और घरों के छतों से यह दिलचस्प नजारा लिए। विविध संस्कृतियों को संजोए यह यात्रा पूरी शान से गांधीनगर चौक लाई गई।
इसके बाद वापस कंपनीबाग पहुंची। कई जगहों पर देर तक भीड़ के चलते यात्रा ठहरी रही। शाम सात बजे से रात 11 बजे तक यह यात्रा अपनी भव्यता को कम नहीं होने दी। यात्रा के संयोजक प्रसिद्ध व्यवसायी कमलसेन ने बताया कि इस ज्योति यात्रा में बस्ती के सनातनियों का पूर्ण मनोयोग से सहयोग मिलता है। प्रशासन भी भरपूर मदद करता है। इसीलिए हर वर्ष यह यात्रा नई भव्यता को प्रदान करती है।
शहर में निकाली गई भव्य ज्योति यात्रा का पूजन करते आयोजक कमल सेन,साथ में भाजपा असम प्रभारी पूर्व- फोटो : आरपीएफ
शहर में निकाली गई भव्य ज्योति यात्रा का पूजन करते आयोजक कमल सेन,साथ में भाजपा असम प्रभारी पूर्व- फोटो : आरपीएफ