बस्ती। दिवाली से पहले खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पुरानी बस्ती की थोक और फुटकर मंडियों में दाल, खाद्य तेल, चीनी और प्याज के दाम बढ़ने से रसोई का बजट बिगड़ने लगा है।
थोक कारोबारियों विक्की, राकेश और प्रमोद अग्रहरि के अनुसार, मांग और आवक में अंतर के कारण दालों और खाद्य तेलों के भाव में तेजी आई है। अरहर, उड़द और मूंग की दालों के दाम बढ़ने का असर फुटकर बाजार में भी दिखाई दे रहा है। कारोबारी मुरारी और संतोष गुप्ता का कहना है कि आगामी दिनों में मांग बढ़ने के साथ कीमतों में उतार-चढ़ाव हो सकता है। महंगाई के चलते ग्राहक अब जरूरत के हिसाब से ही सामान खरीद रहे हैं।
कारोबारी बिट्टू सोनकर और जमील के मुताबिक, प्याज की कीमत 50 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो हो गई है। चीनी भी 55 रुपये से बढ़कर 65 से 70 रुपये प्रति किलो बिक रही है। उड़द, मूंग, चना और अरहर की दालों के दाम में भी तेजी आई है।
-
गृहिणियों के लिए खर्च संभालना मुश्किल
गृहिणी प्रीति ने बताया कि दाल और खाद्य तेल महंगे होने से घर का खर्च बढ़ गया है। अब जरूरी सामान भी सीमित मात्रा में खरीदना पड़ रहा है। वहीं, अनीता का कहना है कि त्योहार के समय पहले ही खर्च बढ़ जाता है। ऐसे में दाल, तेल और घी की कीमतों में बढ़ोतरी से रसोई का बजट संभालना मुश्किल हो रहा है।
प्रमुख खाद्य वस्तुओं के दाम
वस्तु : कीमत (रुपये प्रति किलो)
उड़द दाल : 130 से 135 रुपये
मूंग दाल : 85 से 95 रुपये
चना दाल : 75 से 85 रुपये
काबुली चना : 95 से 105 रुपये
अरहर दाल : 95 से 105 रुपये
सरसों तेल : 185 से 190 रुपये
रिफाइंड तेल : 185 से 190 रुपये
चीनी : 65 से 70 रुपये
प्याज : 70 रुपये
देसी घी : 540 से 600 रुपये