बस्ती। विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को जिले में जगह-जगह पौध रोपण किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रकार के पौधे रोपित किए गए। इसके साथ ही उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। कमिश्नर कार्यालय परिसर में कमिश्नर अखिलेश सिंह ने पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि हरियाली ही भविष्य की सुरक्षा है और इसके लिए पौध रोपण अभियान को सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और रोपित पौधों की 5-6 वर्ष विशेष सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र प्रसाद यादव, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, डीएफओ डाॅ. शिरीन आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में गौर क्षेत्र में डीआईजी संजीव त्यागी ने पौध रोपण किया। औषधीय और फलदार पौधों का रोपण कर उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। बल्कि हर नागरिक का परम कर्तव्य है। सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी और सीओ हर्रैया स्वर्णिमा सिंह द्वारा कार्यक्रम में पौधे लगाए और लोगों से अपील की कि वे न सिर्फ पौधे लगाएं, बल्कि उनके बड़े होने तक उनकी उचित देखरेख भी करें। थानाध्यक्ष गौर अतुल अंजान ने आभार ज्ञापन किया।