बस्ती। गन्ना मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने समेत किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में चल रहा भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का धरना शुक्रवार को स्थगित हो गया। मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव से वार्ता और समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद किसान नेताओं ने यह निर्णय लिया।
शुक्रवार सुबह एसडीएम सदर किसानों से वार्ता करने पहुंचे, लेकिन किसानों ने मंडलायुक्त से बातचीत होने तक धरना समाप्त करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद मंडलायुक्त ने भाकियू के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया। जिला गन्ना अधिकारी और कृषि विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में खाद, बीज, गन्ना मूल्य, धान खरीद समेत मंडल स्तर की अन्य समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा हुई।मंडलायुक्त ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के लिए प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने धरना स्थगित करने का निर्णय लिया।