बड़ेवन से कंपनीबाग तक सड़क निर्माण को नहीं मिल पा रही गति
शुरुआती दौर में ही दो बार हो चुकी गुणवत्ता की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के प्रवेश मार्ग बड़ेवन से कंपनीबाग तक प्रस्तावित फोरलेन के निर्माण में अभी अवरोध खत्म नहीं हुआ है। अतिक्रमण, पेड़, खंभे, पाइपलाइन अब तक हटे नहीं हैं। निर्माण कार्य में यह बाधा बन रहे हैं। एक महीने पहले शुरू हुआ निर्माण खोदाई और गिट्टी डालने के कार्य से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। यही हाल रहा तो निर्धारित समय 9 महीने में यह सड़क बनकर तैयार नहीं हो पाएगी।
बड़ेवन से कंपनीबाग तक प्रस्तावित 1.750 किमी लंबाई की फोरलेन सड़क की राह में विभिन्न तरह के अतिक्रमण हैं। फोरलेन के दायरे में पड़ने वाले कटरा क्षेत्र के चार मकान और कुछ निजी लोगों की चहारदीवारी चिह्नांकन के बाद भी नहीं हटाए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से धन प्राप्त करने के बाद भी रास्ते से पेड़, खंभे और पाइपलाइन नहीं हटाए जा रहे हैं। फोरलेन सड़क के लिए कहीं 100 मीटर तक खोदाई हुई है तो कहीं 50 मीटर। आईटीआई से कटरा पानी टंकी तक पेड़ और खंभे जस की तस स्थिति में खड़े हैं। निर्माण एजेंसी पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड को यह फोरलेन सड़क सितंबर 2024 तक पूरा करना है।
फोरलेन की राह में डेढ़ किमी लंबी पाइप लाइन भी हटाई जानी है। इसके लिए 1.32 करोड़ रुपये निर्माण एजेंसी ने जल निगम को दिए हैं। टोरेंटो के चैंबर भी नहीं हटाए गए हैं। आधा दर्जन स्थानों पर टोरेंटो गैस पाइप लाइन के ऊपर चैंबर बनाए गए हैं। इससे फोरलेन सड़क के निर्माण में व्यवधान पैदा हो रहा है। निर्माण एजेंसी ने टोरेंटो से चैंबर हटाने के लिए पत्राचार भी किया है। मगर, इसके लिए अभी पहल नहीं की गई है।
फोरलेन सड़क निर्माण में प्राथमिक विद्यालय बैरिहवा, सदर तहसील और बीडीए की चहारदीवारी को ढहाना पड़ेगा। पीडब्ल्यूडी सड़क की जद से बाहर नए सिरे से इन विभागों को चहारदीवारी बनाकर देगी। इसके अलावा आवास विकास गेट और काली मंदिर भी सड़क निर्माण की जद में हैं।
इस सड़क निर्माण में गुणवत्ता की निगरानी मुख्यालय से की जा रही है। शुरुआती दौर में ही शासन की एसएलसी टीम पहुंची। मुख्य अभियंता ने निर्माण कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने गुणवत्ता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। बृहस्पतिवार को भी पीडब्ल्यूडी निर्माण शाखा की स्थानीय टीम ने सड़क निर्माण में प्रयुक्त मैटेरियल ईंट, मसाला, कंकरीट का सैंपल लेकर प्रदेश मुख्यालय स्थित लैब में जांच के लिए भेजा गया।
...
खंभे शिफ्टिंग के लिए दिए गए 82 लाख
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड- एक फोरलेन के निर्माण के लिए 136 पेड़ों को काटने के लिए 39 लाख रुपये खर्च करेगा। यह धनराशि वन विभाग को स्थानांतरित की जा चुकी है। बावजूद इसके पेड़ों की कटान नहीं की गई। इसके अलावा विद्युत खंभों की शिफ्टिंग के लिए 82 लाख रुपये दिए गए हैं। विद्युत निगम ने सड़क के एक तरफ अभी एक भी खंभे और तार नहीं हटाए हैं। केवल निर्माण होने वाली पटरी से कुछ खंभे हटाए गए हैं। वन विभाग का कहना है कि बिजली तार की वजह से पेड़ों की कटान नहीं की जा सकी है।
...
16.58 करोड़ की लागत से बनेगी फोरलेन सड़क
हाईवे को शहर से जोड़ने वाली सात मीटर चौड़ी यह सड़क नाली, पटरी, डिवाइडर के साथ कुल 22 मीटर चौड़ाई में विस्तार लेगी। इस पर 16.58 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पहली किस्त के रूप में 4 करोड़ 14 लाख 51 हजार रुपये आवंटित भी हो चुके हैं। सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। बड़ेवन से ब्लॉक रोड के मोड़ तक एक तरफ खोदाई होकर गिट्टियां डाल दी गई हैं।
...
कोट
सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। बड़ेवन से ब्लॉक रोड तक पैच कार्य भी कराए जा रहे हैं। अतिक्रमण आदि का व्यवधान दूर कराने के लिए संबंधित विभागों से संपर्क किया जा रहा है।
इं. अवधेश प्रसाद, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक