मेडिकल कॉलेज डीएनबी कोर्स संचालन के लिए भेजेगा प्रस्ताव
एमडी-एमएस के समतुल्य है यह कोर्स, एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के संचालन के लिए जल्द आएगी एमसीआई की टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज में डीएनबी (डिप्लोमेट ऑफ नेशनल बोर्ड) कोर्स संचालित करने के लिए कॉलेज प्रशासन प्रस्ताव भेजेगा। संभावना है कि एक सप्ताह में प्रस्ताव भेज दिया जाएगा। यह कोर्स एमडी-एमएस के समतुल्य होता है।
जिले में स्थापित मेडिकल कॉलेज को एक वर्ष पूरे हो गए हैं। यहां एमबीबीएस की सौ सीटें हैं। प्रथम वर्ष के लिए एमसीए ने लाइसेंस जारी किया था। द्वितीय वर्ष के लिए एक बार फिर मेडिकल कौंसिल आफ इंडिया(एमसीआई) की टीम कॉलेज के संसाधनों निरीक्षण करेगी। कॉलेज प्रशासन इसकी भी तैयारी कर रहा है। चूंकि एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद तमाम छात्र एमडी व एमएस में दाखिला लेते हैं। इसी सोच को समझते हुए कॉलेज प्रशासन ने इसके समकक्ष डीएनबी के कोर्स के यहां संचालन की तैयारी में जुट गया है। इससे जहां देश भर के छात्र मेडिकल कालेज में दाखिला लेंगे वहीं कॉलेज के विकास को गति भी मिलेगी।
प्राचार्य डॉ. नवनीत कुमार ने बताया कि एमडी-एमएस के समतुल्य डिग्री के लिए डीएनबी यानी डिप्लोमेट आफ नेशनल बोर्ड के कोर्स को यहां पढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार हो रहा है। शुल्क व कालेज में इंफ्रास्ट्रक्चर पूरा कर लिया गया है। सप्ताह भर में प्रस्ताव एमसीआई को भेज दिया जाएगा। इसके बाद गठित समिति यहां कोर्स को हरी झंडी देगी। इसके अलावा द्वितीय वर्ष के लिए भी एमसीआई की टीम का निरीक्षण होना है। इसकी भी तैयारी पूरी की जा चुकी है।