बस्ती। जिले की चारों तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें 236 फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, लेकिन मौके पर महज 32 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। अधिकांश फरियादियों को जल्द समाधान का आश्वासन देकर लौटा दिया गया। इससे कई फरियादी निराश नजर आए।
रुधौली तहसील में डीएम कृतिका ज्योत्सना करीब डेढ़ बजे पहुंचीं। उन्होंने लगभग 10 मिनट तक फरियादियों की समस्याएं सुनीं और इसके बाद चली गईं। इससे कई फरियादी अपनी शिकायत डीएम के सामने नहीं रख सके। उन्हें अगली बार समस्या लेकर आने की बात कहकर लौटना पड़ा। यहां एसपी डॉ. यशवीर सिंह भी मौजूद रहे। हर्रैया तहसील में एडीएम और एसडीएम समाधान दिवस में नहीं पहुंचे। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
कनरकपुर गांव निवासी रामचंद्र सिंह ने बैनामा की जमीन के दाखिल-खारिज में जानबूझकर देरी किए जाने की शिकायत की। उन्होंने प्रकरण का निस्तारण कराने की मांग की। नेदुला निवासी रामहित ने अपनी जमीन पर हो रहे निर्माण में विपक्षी द्वारा जबरन अवरोध किए जाने की शिकायत की। इसके अलावा छावनी थाना क्षेत्र के बीरपुर खरहरा निवासी अमरजीत, नेतवर पट्टी निवासी विद्यावती और एकडेंगवा निवासी स्वामीनाथ भी अपनी समस्याओं के प्रार्थनापत्र लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने सभी को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पोखरे की जमीन पर बना दिया कूड़ाघर
थरौली गांव निवासी अनिल पांडेय ने बताया कि पोखरे की जमीन की कानूनी प्रकृति बदले बिना नगर पंचायत की ओर से वहां कूड़ाघर बना दिया गया है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को भी उन्होंने समाधान दिवस में शिकायत की। उन्हें भी कार्रवाई का आश्वासन देकर लौटा दिया गया।
नाली में मिट्टी जमा होने से पाइप हो रहा ब्लॉक
गनवरिया खुर्द निवासी घनश्याम ने बताया कि उनके घर के पास ग्राम सभा की ओर से भूमिगत नाली का निर्माण कराया जा रहा है। पहले बारिश का पानी सीधे बह जाता था, लेकिन अब पड़ोसी की ओर से पानी रोककर भूमिगत पाइप से बहाया जा रहा है। इससे नाली में मिट्टी जमा हो रही है और पाइप बार-बार जाम हो रहा है। इस संबंध में कई बार प्रार्थनापत्र देने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई।
-
236 शिकायतें आईं, 32 का ही निस्तारण
चारों तहसीलों में आयोजित समाधान दिवस में कुल 236 मामले आए। इनमें से 32 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। रुधौली: 63 शिकायतें आईं, सात का निस्तारण हुआ। डीएम कृतिका ज्योत्सना और एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने समस्याएं सुनीं। हर्रैया में 89 शिकायतें आईं, 18 का निस्तारण किया गया। यहां न्यायिक मजिस्ट्रेट ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। भानपुर में 16 शिकायतें आईं, दो का निस्तारण हुआ। एसडीएम शशि विंद कुमार द्विवेदी और तहसीलदार पंकज गुप्ता ने समस्याएं सुनीं। बस्ती सदर में 68 शिकायतें आईं, पांच का निस्तारण हुआ। कमिश्नर वैभव श्रीवास्तव और एसडीएम हिमांशु कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
-
पोखरे की जमीन पर बिना कानूनी प्रक्रिया पूरी किए कूड़ाघर बनाए जाने की शिकायत कई बार की गई, लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है।
-अनिल पांडेय, निवासी थरौली
-
नाली और पाइप जाम होने की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
-घनश्याम, निवासी गनवरिया खुर्द