बिना अनुमति ही रोडवेज डिपो में ढहा दिया यात्री छाजन
बारिश में लोगों को हो रही समस्या, सड़क किनारे की दुकानों पर ले रहे शरण
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। रोडवेज डिपो में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक की अनुमति के बिना ही डिपो परिसर में मौजूद यात्री छाजन को ढहा दिया गया। यात्री छाजन ढहने के चलते बारिश में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
डिपो के कायाकल्प के लिए परिवहन निगम की ओर से 50 लाख रुपये की स्वीकृति की गई है। इसके तहत पुराने यात्री छाजन की जगह नया यात्री छाजन, वर्कशॉप कक्ष निर्माण सहित अन्य कार्य होने हैं। इसी के तहत कार्यदायी संस्था के जेई ने बिना यात्री सुविधाओं का ख्याल किए यात्री छाजन को ढहा दिया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने नाराजगी जाहिर की। यही नहीं डिपो में आने वाले यात्रियों के लिए महज दो छोटे से कमरे में बैठने का इंतजाम किया गया है, जो नाकाफी है। इस संबंध में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरपी सिंह कहते हैं कि कार्यदायी संस्था के जेई को नोटिस दिया गया है। उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। कहते हैं कि जेई को यात्री छाजन गिराने से पहले अनुमति लेनी चाहिए थी। साथ ही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी भी करनी चाहिए थी। इसके बाद ही छाजन का ढहाना चाहिए था।
सड़क के किनारे की दुकानों पर ले रहे शरण
यात्री छाजन न होने के चलते डिपो में आने वाले यात्री खुले में बसों का इंतजार कर रहे हैं। बारिश आने पर ये सड़क किनारे की दुकानों में शरण ले रहे हैं। छाजन न होने के चलते यहां पहुंचने वाले यात्रियों को कड़ी धूप और बरसात में परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।