बस्ती। बहादुरपुर विकास खंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट गाइड शिविर के समापन पर छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमाें की झड़ी लगा दी। विभिन्न स्पर्धाओं में छात्राओं ने अपने कौशल का परिचय दिया। प्रियंका कन्नौजिया को बेस्ट गाइड चुना गया। बतौर मुख्य अतिथि डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। कहा कि स्काउट गाइड प्रशिक्षण से छात्रों का रचनात्मक और कौशल विकास होता है।
तंबू निर्माण में दीक्षा सोनी की सूर्यमुखी टोली प्रथम, प्रिया कन्नौजिया की गुलाब टोली द्वितीय और उमा अग्रहरि की गेंदा टोली तृतीय स्थान पर रही। रंगोली प्रतियोगिता में गुलाब टोली प्रथम, सूर्यमुखी टोली द्वितीय व गेंदा टोली को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। बिना बरतन के भोजन बनाने की प्रतियोगिता में अनुराधा की गुलाब टोली प्रथम, ममता की सूर्यमुखी टोली द्वितीय और सृष्टि की गेंदा टोली तृतीय स्थान पर रही। प्राथमिक चिकित्सा में मनीषा की टोली प्रथम, प्रीती गौड़ की द्वितीय और मुस्कान गौड़ की टोली ने तृतीय स्थान हासिल किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमाें की शुरुआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। सीमा राजभर, सोनी खान, अनीता, रानी, दीक्षा, सृष्टि की प्रस्तुतियां सराही गईं। जिला गाइड कैप्टन सत्या पांडेय ने बिना बरतन के भोजन बनाने, टोली पद्धति, प्राथमिक चिकित्सा आदि के बारे में जानकारी दी।
जिला स्काउट मास्टर डॉ. कुलदीप सिंह ने टेंट बनाने की विधि, टेंट बनाने में काम आने वाले गांठ एवं वंधन, साहसिक क्रिया कलाप आदि के बारे में बालिकाओं को जानकारी दी। इसी कड़ी में मैसेंजर ऑफ पीस पर केंद्रित नेटवर्किंग गेम एवं ‘आ अलेले गेम’ कराया गया। कार्यक्रम में वार्डेन नीलम पांडेय, शांति गुप्ता, मधुलिका यादव, रेनू सिंह, पूर्णिमा शुक्ल, शशि किरन, अर्चना यादव, महिमा पांडेय, संगीता यादव, मनोज, महेंद्र, पुष्पलता आदि लोग मौजूद रहे।