- पैकोलिया क्षेत्र के जीतीपुर बैंक के सामने हुई घटना
- गाजीपुर जनपद के सैदपुर क्षेत्र के भटौला गांव का रहने वाला
पैकोलिया (बस्ती)। क्षेत्र के परसा-परशुरामपुर मार्ग पर जीतीपुर बैंक के सामने सोमवार की दोपहर में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने परशुरामपुर अस्पताल भिजवाया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक एक निजी कंपनी में कार्यरत बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक गाजीपुर जनपद के सैदपुर क्षेत्र के भटौला निवासी अजीत यादव (30) पुत्र महातिम यादव परशुरामपुर की तरफ से परसा तिराहे की तरफ जा रहा था। करीब साढ़े बारह बजे जीतीपुर बैंक के सामने विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे ठोकर मार दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पैकोलिया पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से उसे सीएचसी परशुरामपुर भिजवाया, जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक अजीत किसी निजी कंपनी में कार्य करता था। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र यादव ने बताया है कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। परिवार के लोगों को सूचना दी गई है।