जेल के आठ कोरोना संक्रमित मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिला कारागार में एंटीजन जांच में 191 कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। प्रभारी डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव पाए गए आठ मरीज गंभीर रोग से ग्रसित हैं। इन्हें मेडिकल कॉलेज के ओपेक कैली अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि जेल के अन्य संक्रमितों को जेल में ही अलग आइसोलेशन में रखा गया है। प्रत्येक को दो-दो मास्क दिए गए हैं। नगर पालिका की ओर से फायर स्टेशन की गाड़ी से पूरे जेल को सैनिटाइज कराया गया है। जेल में भी चिकित्सकीय दल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि जेल अधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि वे जेल के अंदर फैले कोरोना से संक्रमित होने के कारणों की जांच कर आख्या 24 घंटे के भीतर प्रस्तुत करें। यह भी निर्देश दिए कि सभी नए बंदियों को पहले अस्थाई जेल में रखा जाए, वहीं पर एंटीजन जांच कराई जाए। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे कोविड-19 के लिए बने अस्पताल रेफर किया जाए। रिपोर्ट निगेटिव आने पर ही उसे जेल में भेजा जाएगा। इस संबंध में उन्होंने अस्थाई जेल के प्रभारी एसडीएम सदर को भी यह व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।