बस्ती। जिले के रेलवे सीमा में पटरी बदलने काम तेज हो गया है। कई चरणों में होने वाले इस कार्य का कारण वंदे भारत एक्सप्रेस है। 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले इस ट्रेन की गति संभालने के लिए जिले की 56 किमी पटरी को 60 किलो का किया गया है। यानी एक मीटर लंबी पटरी का वजन 60 किलोग्राम है। अब तक करीब 40 किमी अप ट्रैक को बदल दिया गया है। इसमें चार स्पेशल गेट भी शामिल हैं।
शुक्रवार को शहर से सटे पश्चिमी रेलवे के गेट संख्या 199 पर काम शुरू हुआ था। सुबह 8 बजे से शुरू काम करीब पांच बजे तक चला। इस दौरान ट्रेनों को काशन पर चलाया गया। पटरी बदलने के चलते गेट से आवागमन प्रभावित हुआ।
रेलवे अधिकारियों की मानें तो पूरी अप व डाउन लाइन को बदलने की कवायद को अमली जामा पहनाने की कोशिश रेलवे ने शुरू की है, मगर प्रथम चरण में अप ट्रैक को बदला जा रहा है। चरणबद्ध ढंग से होने वाले इस कार्य को पिछले एक माह से किया जा रहा है। डाउन ट्रैक को रबड़ डालकर सुरक्षित किया जा रहा है, जिससे ट्रेन आने पर गड्ढे न हो जाएं। इसके अलावा करीब 16 किमी अप ट्रैक के निर्माण को भी इसी सत्र में पूरा कराने की योजना पर काम चल रहा है।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर मजहर हुसैन ने बताया कि रेलवे की ओर से ट्रैक बदलने का निर्देश दिया गया है। यहां की रेल सीमा में अप ट्रैक का काम पूरा हो गया है। करीब एक दशक तक इस ट्रैक पर कोई काम करने की जरूरत नहीं होगी। कहा कि मंत्रालय के निर्देश पर काम कराया जा रहा है।