प्रीबोर्ड परीक्षा 13 से 23 जनवरी 2024 तक चलेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। यूपी बोर्ड की 2024 की हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा 22 फरवरी से शुरू हो रही है। यह नौ मार्च को समाप्त होगी। उसके पहले बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड परीक्षाएं होंगी, जो 13 जनवरी से शुरू हो जाएगी। बोर्ड की तरफ से जारी निर्देश में कहा गया कि प्री-बोर्ड की परीक्षा ठीक बोर्ड की तरह ही कराई जानी है।
प्री-बोर्ड परीक्षा के दौरान मंडल और जिला की जांच टीम प्रत्येक विद्यालय में जाकर निरीक्षण करेंगी और इसकी रिपोर्ट निदेशालय को भेजेंगी।
जिले में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से कुल 401 विद्यालय संचालित है। इसमें 22 राजकीय, 70 वित्त पोषित व 309 वित्त विहीन विद्यालय शामिल हैं। इस बार बोर्ड परीक्षा के लिए करीब 78 हजार 206 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है। इसमें हाईस्कूल के 42 हजार 306 और इंटरमीडिएट 36 हजार 274 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
बोर्ड की ओर से जारी निर्देश के अनुसार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्री-बोर्ड लिखित परीक्षाएं 13 से 23 जनवरी के बीच कराई जाएगी। इसी बीच कक्षा नौ और 11 की वार्षिक परीक्षाएं भी संपन्न कराई जाएगी। इस बार इंटर की प्रयोगात्मक प्री बोर्ड परीक्षा विद्यालय स्तर पर होगी।
डीआईओएस जगदीश शुक्ला ने बताया कि बोर्ड की ओर से दिए गए निर्देश के अनुसार हाईस्कूल और इंटर की प्री बोर्ड परीक्षा के लिए सभी प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है।