खेल महाकुंभ के लिए सांसद ने की तैयारी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जनपद स्तरीय सांसद खेल महाकुंभ प्रतियोगिता के लिए रविवार को हर्रैया, विक्रमजोत और परशुरामपुर ब्लाॅक में सांसद हरीश द्विवेदी ने बैठक की। इसमें 20 दिसंबर से प्रस्तावित सांसद खेल महाकुंभ की सफलता के लिए चर्चा की गई।
सांसद ने 10 दिसंबर को संपन्न हुए ब्लॉक स्तरीय सांसद खेल महाकुंभ की सफलता के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और कर्मचारियों की पीठ थपथपाई। कहा कि जिला स्तर की महाकुंभ प्रतियोगिता को भी सब सफल बनाएंगे। जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में सभी विजेता खिलाड़ियों और निबंध तथा चित्रकला में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को बस के माध्यम से उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचाया जाएगा।
निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता 20 दिसंबर को ही कराई जाएगी। ब्लॉक स्तर के खिलाड़ियों की जो सूची जिला पर भेजी जाएगी, उसमें किसी भी तरह का बदलाव संभव नहीं होगा। इस मौके पूर्व प्रमुख योगेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख विक्रमजोत केके सिंह, परशुरामपुर के ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि श्रीश पांडेय, खंड विकास अधिकारी हरर्डया सुशील कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।