प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रशासन की ओर 2 अक्तूबर को मनाई जाने वाली गांधी जयंती की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। सुबह 6 से 7 बजे तक जिले भर में प्रभातफेरी निकाली जाएगी। मुख्यालय पर फिट इंडिया दौड़ का आयोजन भी होगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी संजय शर्मा के संयोजकत्व में यह दौड़ स्टेडियम के गेट नंबर एक से शुरू होकर शास्त्री चौराहा होते हुए कंपनी बाग के रास्ते तहसील सदर व कलक्ट्रेट भवन होते हुए फिर गेट नंबर एक पर आकर समाप्त होगी। सुबह 8 बजे से आयुक्त, कलक्ट्रेट, विकास भवन एवं अन्य कार्यालयों पर ध्वजारोहण एवं महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित व संकल्प का कार्यक्रम आयोजित होगा। कुष्ठ आश्रम में पौधारोपण होगा। 8:15 से 9 बजे तक समस्त कार्यालयों में गांधी जी के विचारधारा पर विचार-विमर्श गोष्ठी होगी।
9 बजे गांधी कला भवन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर डीएम माल्यार्पण करेंगे। कचहरी चौराहे पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। नगर के प्रमुख स्थलों पर स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर भी अधिकारी एवं नागरिकों की ओर से माल्यार्पण किया जाएगा।
जीआईसी, बीडीए परिसर, अनुसूचित छात्रावास परिसर में पौधारोपण किया जाएगा। शहर के रानीपोखरा, चईयाबारी, पिकौरा शिवगुलाम, डफाली टोला, धोबी टोला, पुराना डाकखाना, तुरकहिया, पांडेय बाजार, बैरिहवा, नरहरिया निर्मलीकुंड, चिकवा टोला, दक्षिण दरवाजा आदि जगहों पर सफाई की जाएगी। जिला कारागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेल कूद प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसके अलावा बाल सुधार गृह, अस्पताल, वृद्धा आश्रम में फल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।