बिजली कर्मचारी संघ ने दिया धरना, संविदाकर्मियों को नियमित करने की मांग की
बस्ती। बिजली कर्मचारी संघ की ओर से शुक्रवार को मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया गया। संघ पदाधिकारियों ने इसमें संविदाकर्मियों को नियमित करने की मांग की।
धरने की अध्यक्षता करते हुए संघ के अध्यक्ष अशर्फी लाल ने कहा कि जनवरी 2000 के बाद नियुक्त सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाए। कहा कि अभियंताओं की तरह की श्रमिक, कुशल श्रमिक, टीजी-2 कर्मियों को भी लाभ दिया जाए। संविदाकर्मियों की दुर्घटना होने पर उन्हें इलाज का पूरा खर्च दिया जाए। उपकेंद्रों पर कार्यरत तकनीशियन को एक सहायक दिया जाए।
कहा कि कर्मियों को गर्मी, ठंडी और बारिश के मौसम में काम करने के लिए आवश्यक उपकरण व कोट दिया जाए। कार्यवाहक जोन अध्यक्ष गजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि तेलांगना की भांति ही सरकार संविदा मजदूरों को नियमित कर समान वेतन दिया जाए।
इस मौके पर विनोद कुमार शुक्ल, राम कुमार मौर्य, सत्येंद्र श्रीवास्तव, जगदंबा प्रसाद उपाध्याय, सुनील तिवारी, रामफेर, हमीदुल्लाह अंसारी, राम तीरथ, अनुराग चौधरी, नंदलाल, राजेश कुमार, राहुल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।