बस्ती। तेज हवा के साथ हुई बारिश से शनिवार को शहर की बिजली और यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। शुक्रवार रात ब्लॉक रोड पर पेड़ एचटी लाइन पर गिरने से बड़ेवन और मालवीय रोड उपकेंद्र से जुड़े कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शनिवार को भी बहाल नहीं हो सकी। बभनान के स्वामीनारायण छपिया स्टेशन के यार्ड में पेड़ गिरने से दो डाउन ट्रेनों को 69 मिनट तक स्टेशन पर रोकना पड़ा। बाइक पर पेड़ गिरने से सफाईकर्मी और दीवार गिरने से बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि पीपल का पेड़ गिरने से दो बच्चे घायल हो गए। मोहल्लों में जलभराव से भी परेशानी हुई।
शुक्रवार रात ब्लॉक रोड पर एचटी लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप होने के साथ मार्ग भी बाधित हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय निकाय प्रभारी एवं सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती नगर पालिका की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने पेड़ कटवाकर जेसीबी की मदद से सड़क किनारे कराया। इसके बाद आवागमन सुचारु हो सका। एसपी आवास के पास भी पेड़ गिरा था। टीम ने उसे हटाकर रास्ता साफ कराया। जिला कारागार के पास एचटी लाइन पर पेड़ गिरने से आसपास के मोहल्लों की बिजली प्रभावित हुई।
मालवीय रोड पर एलआईसी कार्यालय से पहले दो स्थानों पर पेड़ गिर गए। पचपेड़िया मार्ग पर भी पेड़ गिरने से आवागमन प्रभावित रहा। विद्युत निगम के कर्मचारी क्षतिग्रस्त पोल और लाइन को दुरुस्त करने में जुटे रहे। शहर के कई मोहल्लों और गलियों में जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। बारिश के पानी की निकासी न होने से कई जगह सड़क पर पानी भर गया।
-
मकान पर गिरा विशाल पेड़, परिवार ने पड़ोसी के घर ली शरण
पिकौरा शिव गुलाम में ओम प्रकाश पांडेय के मकान पर शनिवार को तेज हवा और बारिश के दौरान विशाल पेड़ गिर गया। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, आपदा विभाग के टोल फ्री नंबर पर सूचना देने के करीब दो घंटे बाद भी कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। पेड़ गिरने से मकान को नुकसान पहुंचा है। और नुकसान की आशंका में परिवार के लोग मकान से बाहर निकलकर पड़ोसी के घर में रह रहे हैं।
रात से कई इलाकों में गुल रही बिजली
तेज हवा और बारिश के कारण शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। शहर के 33 केवी गांधीनगर, गिदही, मालवीय रोड, बड़ेवन और पॉलीटेक्निक उपकेंद्र के अलावा जिला अस्पताल और महिला अस्पताल के स्वतंत्र फीडर भी प्रभावित हुए। दुबौला और गाउखोर समेत कई उपकेंद्रों की आपूर्ति बाधित रही। आवास विकास, बभनगांवा, गांधीनगर और पुरानी बस्ती समेत कई मोहल्लों में रात से बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे कारोबार प्रभावित हुआ। बिजली न होने से घरों में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित रही।
489 बिजली पोल गिरे, 55 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त
विद्युत विभाग के अनुसार, तेज हवा और बारिश से जिले में 489 बिजली पोल गिर गए। इनमें 89 लोहे और 400 सीमेंट के पोल शामिल हैं। 55 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिले के 39 बिजलीघरों में से 19 प्रभावित हुए हैं। एसई खालिद सिद्दीकी ने बताया कि बारिश के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने के लिए कर्मचारी लगातार काम कर रहे हैं।
डीएम-एसपी ने लिया नुकसान का जायजा
डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना और एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने शनिवार को शहर में भ्रमण कर बारिश और तेज हवा से हुए नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों ने गिरे पेड़ और बिजली के पोल देखे। ब्लॉक रोड पर पहुंचकर संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पोल ठीक कराने और बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।
कोट
शहर में जिन स्थानों पर पेड़ गिरे थे, उन्हें सड़क से किनारे कराकर आवागमन बहाल कराया गया है।
-अंगद गुप्ता, ईओ, नगर पालिका