संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बिजली कर्मियों के कार्य बहिष्कार के बाद प्रशासन ने जिले के सभी 36 विद्युत उपकेंद्रों पर जोनल, सहायक नोडल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम प्रियंका निरंजन ने निर्देश दिया कि सभी एसडीएम अपनी तहसील क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्रों पर अधिकारी व कर्मचारी तैनात करें।
कानूनगो, लेखपाल, सचिव, पंचायत सहायक, रोजगार सहायकों को आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाएं और खुद नियमित निरीक्षण व पर्यवेक्षण करें। डीएम ने कहा कि विषम परिस्थितियों में सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा दुर्गेश यादव के मोबाइल नंबर 6390004055, अधीक्षण अभियंता विद्युत एसके आर्या से 9307261942 और मुख्य अभियंता पीके सिंह के मोबाइल नंबर 9161633444 पर संपर्क किया जा सकता है। पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए डीएम ने सीडीओ डॉ. राजेश कुमार को नोडल अधिकारी नामित किया।
बिजली स्टोर से सामान की आपूर्ति का काम एडीएम कमलेश चंद, वर्कशॉप सीआरओ नीता यादव, विद्युत वितरण का कार्य डीडीओ अजीत श्रीवास्तव, मरम्मत और शटडाउन के लिए उपकेंद्र के सेक्टर नोडल, बीडीओ, अभियंता और थानाध्यक्ष नोडल नामित किए गए हैं। डीएम ने बताया कि सेक्टर नोडल और थानाध्यक्ष के संयुक्त हस्ताक्षर से ही शटडाउन लिया जाएगा।