छह दिवसीय कौशल वृद्धि प्रशिक्षण शुरु
- सात ट्रेडों में प्रशिक्षित किए जा रहे युवा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत छह दिवसीय कौशल वृद्धि प्रशिक्षण मालवीय रोड स्थित एक हाल में शुरू हुआ। उपायुक्त उद्योग हरेंद्र प्रताप यादव ने सत्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्रशिक्षित युवक और युवतियों की मांग अधिक है। उद्यमिता के क्षेत्र में प्रशिक्षण अनिवार्य है। प्रशिक्षण के बाद स्वयं का उद्योग लगाने के तमाम अवसरों के द्वार खुल जाते हैं।
उन्होंने कहा कि दर्जी, बढ़ई, लोहार, हलवाई, कुम्हार, राज मिस्त्री, नाई आदि ट्रेड में युवाओं को प्रशिक्षित किया जाना है। प्रशिक्षण के बाद वे संबंधित क्षेत्रों में विशेषज्ञ के रूप में जाने जाएंगे। छह दिन में दर्जी ट्रेड में 400 युवक-युवतियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मंडलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य एमजेड खान ने कहा कि आधुनिक जरूरतों के हिसाब से तकनीकी शिक्षा भविष्य के लिए बेहतर साबित हो रही है। 16 मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देंगे। इस मौके पर रघुवर, राम निवास गुप्ता, राम गुलाम, राकेश, लवकुश तिवारी, जितेंद्र कुमार गौतम, सुजीत आदि मौजूद रहे।
विकास पाठक