हर्रैया। परशुरामपुर थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर गांव निवासी शिवकुमार की मौत का मामला दूसरे दिन भी चर्चा में रहा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में गोली लगने से उसकी मौत की पुष्टि हुई है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। परिजनों ने गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया। मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
जानकारी के अनुसार, शिवकुमार का हर्रैया थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों रिश्ते में भाई-बहन लगते थे। शिवकुमार युवती से शादी करना चाहता था लेकिन दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी नहीं थे। इसको लेकर मामला परशुरामपुर थाने तक पहुंचा था, जहां दो दिन पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था।
इसके बावजूद बुधवार सुबह शिवकुमार युवती के घर पहुंच गया। उसने युवती से मिलने की जिद की। बात नहीं बनने पर उसने वहां मौजूद लोगों के सामने तमंचा निकालकर सीने में गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो भी बना लिया था, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
घटना के बाद मृतक की मां मीरा देवी ने हर्रैया पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस अपने स्तर से मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई है। शव परिजन को सौंप दिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वर्णिमा सिंह, सीओ हर्रैया।