बस्ती। शैक्षिक सत्र 2026-27 में छात्रवृत्ति का लाभ पाने के लिए विद्यार्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा। शासन के निर्देश पर पूर्वदशम (कक्षा नौ और 10) तथा दशमोत्तर (कक्षा 11 और 12) छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पोर्टल खोल दिया गया है। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन, सत्यापन और आवेदन अग्रसारित करने के लिए संशोधित समय-सारिणी भी जारी की गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि पात्र विद्यार्थियों को समय से छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी कराई जाएगी। इसके लिए सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों और छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि संस्थानों को मास्टर डाटाबेस में शामिल होने से लेकर विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन का सत्यापन और उन्हें अग्रसारित करने तक की प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी करनी होगी। संस्थान स्तर पर जांच के बाद आवेदन जनपदीय समिति के समक्ष भेजे जाएंगे। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर पर आवश्यक प्रक्रियात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी संबंधित संस्थानों को छात्रवृत्ति नियमावली का प्रचार-प्रसार कराने और निर्धारित तिथियों में सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित शिक्षण संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संस्थान के प्रधानाचार्य और संबंधित अधिकारियों की होगी।