हर्रैया। कस्बे में प्रतिबंधित पालीथिन के प्रयोग करने वाले व्यवसायियों के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को कार्रवाई की। पांच दुकानों पर छापा मारकर करीब 52 किलो पालीथिन जब्त किया। साथ ही 58 हजार का जुर्माना लगाया। एसडीएम ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा।
शनिवार को एसडीएम शिव प्रताप शुक्ला, सीओ राहुल पांडेय व ईओ गणेश चंद्र कन्नौजिया ने नगर पंचायत कर्मियों के साथ प्रतिबंधित पॉलीथिन के कारोबारियों की दुकानों की जांच की। मनोरमा नगर में महेश केसरवानी की दुकान से 400 ग्राम पालीथिन मिलने पर दो हजार का जुर्माना लगाया। इसी वार्ड के बाबूराम गुप्ता की दुकान से करीब 25 किलो मिलने पर 25 हजार जुर्माना लगाया। सम्राट नगर वार्ड के शुभम किराना स्टोर पर 25 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक के पत्तल व गिलास मिलने पर 25 हजार जुर्माना, उग्रसेन नगर के रामचंदर व उग्रसेन नगर वार्ड के राजू किराना स्टोर पर छह हजार रुपये जुर्माना लगाया है। इससे पहले इसी महीने हुई कार्रवाई में करीब 25 किलो प्रतिबंधित पालीथिन पकड़ी गई थी। जिसमें सात कारोबारियों पर एक लाख सात हजार का जुर्माना लगा था। एसडीएम ने बताया कि आगे भी यह अभियान चलाया जाएगा। बार बार पकड़े जाने वाले कारोबारियों पर विधिक कार्रवाई होगी।अभियान में नगर पंचायत के शैलेंद्र सिंह, विकास चौधरी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।