पोलियोग्रस्त लोगों को नई जिंदगी देने के लिए सरकार ने उनकी करेक्टिव सर्जरी कराने का निर्णय लिया है। इसके तहत दिल्ली से आने वाली अस्थि विशेषज्ञों की टीम जिले के सौ लोगों की करेक्टिव सर्जरी कर उन्हें चलने फिरने लायक बनाएगी।
छह वर्ष से लेकर 20 वर्ष तक के पोलियोग्रस्त लोगों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से करेक्टिव सर्जरी की योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय विकलांग जन संस्थान नई दिल्ली के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम जिले में पोलियो ग्रसित तीन सौ मरीजों का चेक अप कर उनमें से सौ मरीजों को करेक्टिव सर्जरी के लिए चिन्हित करेगी। इसके लिए डीएम की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया गया है। जिसके सचिव जिला विकलांग जन विकास अधिकारी होंगे। इसके अलावा सदस्यों में सीडीओ, सीएमओ, सीएमएस जिला अस्पताल सहित अधिकारी सदस्य बनाए गए है।
करेक्टिव सर्जरी के लिए शिविर लगाकर मरीजों का पंजीकरण किया जाएगा। इसमें करेक्टिव सर्जरी के लिए विकलांगों का चिन्हांकन किया जाएगा। जिला अस्पताल के फिजिशियन और बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक के साथ ही प्रमुख चिकित्साधीक्षक की ओर से मेडिकल चेक अप किया जाएगा। जिन पोलियो ग्रस्त मरीजों की करेक्टिव सर्जरी की जानी है उन्हे भर्ती कर लिया जाएगा।