दुष्कर्म के आरोपी को तलाश रहीं पुलिस की टीमें
बस्ती। छावनी थाना क्षेत्र में भैंस चराने गई युवती से दुष्कर्म के आरोपी की पुलिस टीम सरगर्मी से तलाश कर रही है। छावनी थाने की तीन टीमों के साथ ही स्वॉट टीम को भी आरोपी की तलाश में लगा दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों से पूछताछ भी की।
थानाध्यक्ष छावनी दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी उमाशंकर त्रिपाठी व थाने की तीन टीमें घटना के पर्दाफाश के लिए लगी हैं। सीसीटीवी फुटेज के अलावा अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती पीड़िता अब पूरी तरह से खतरे से बाहर है। छावनी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीय पीड़िता की मां ने तहरीर में बताया है कि उनकी बेटी गांव में स्थित एक इंटर कॉलेज के पीछे सोमवार की शाम भैंस चराने गई थी।
उसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बाइक से आया और भैंस के बारे में उनकी बेटी से पूछने लगा। फिर थोड़ा आगे गया। कुछ देर में दोबारा लौटा और उनकी बेटी से दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसने उसके चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोट पहुंचाई। युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी। स्थानीय मेडिकल कॉलेज से उसे मंगलवार की सुबह बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया था। थाने में अज्ञात युवक पर दुष्कर्म के प्रयास सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।