बस्ती। अब इन्हें कौन नियम समझाए...। जब पुलिस का ही सड़क तक अतिक्रमण है। आम आदमी यदि सड़क के किनारे गाड़ी खड़ी करे तो कुछ ही देर बाद चालान होता है। मगर शहर कोतवाली समेत जनपद के विभिन्न थानों के सामने सीज किए हुए एवं पकड़े गए ट्रक, बस जैसे बड़े वाहनों का अतिक्रमण है। इन्हें कोई और नहीं पुलिस ने ही खड़ा करवाया है। इससे कई थानों के सामने सड़क की दोनों पटरियां गुम हो गई हैं। सड़क तक किया गया यह अतिक्रमण जानलेवा है। जाने-अनजाने में लोग खड़े वाहनों के चक्कर में दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं।
सड़कों पर अतिक्रमण राहगीरों के लिए पेरशानी का सबब है। इसमें पुलिस महकमे के अतिक्रमण भी शामिल हैं। पुलिस ने पकड़े गए वाहनों को थाने के सामने खड़ा कर रखा है, जिससे कभी जाम लग रहा है, तो कभी हादसे भी हो रहे हैं। इस पर महकमे के ज्यादातर अधिकारियों की चुप्पी ही रहती है।
-
कोतवाली के सामने खड़े हैं एक दर्जनभर बड़े वाहन
शहर के बस्ती-कांटे मार्ग पर घनी आबादी वाले क्षेत्र में कोतवाली स्थित है। यहां विभिन्न मामलों में पकड़कर लाए जाने वाले बड़े वाहनों को परिसर में खड़ा नहीं किया जा सकता है। छोटे चार पहिया वाहन एवं कुछ कंडम हो चुके छोटे वाहन परिसर में खड़ किए गए हैं। इसके अलावा पकड़ कर लाई गई बस, ट्रक, मिनी ट्रक, ट्रैक्टर ट्राॅली, ट्रेलर आदि बड़े वाहन गेट के बाहर सड़क की दोनों पटरियों पर खड़े किए गए हैं, जिससे दोनों तरफ की पटरियां गुम हैं।
शहरी यातायात बढ़ते ही यहां अक्सर जाम लग रहा है। पुरानी बस्ती थाना भी मुख्य सड़क के किनारे स्थित है। यहां विभिन्न मामलों में पकड़कर आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को थाना परिसर में खड़ा करने के लिए जगह नहीं है, जिससे इन वाहनों को बाहर सड़क के किनारे ही खड़ा किया जा रहा है। यहां भी संभलकर न चलने पर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है।
-
मुख्य मार्गों के किनारे आधा दर्जन थाने
जनपद में कुल 16 थाने हैं और एक महिला थाना है। इसमें से आधा दर्जन थाने मुख्य मार्गों के किनारे स्थित है। बस्ती- फैजाबाद हाईवे पर छावनी, लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर सड़क के किनारे रुधौली और कलवारी थाना है। इसके अलावा बस्ती-बभनान मार्ग पर गौर, बस्ती- गोरखपुर हाईवे के किनारे मुंडेरवा थाने की खझौला चौकी है। यहां विभिन्न मामलों में पकड़े जाने वाले वाहन मुख्य सड़क के किनारे ही खड़े किए जा रहे हैं। वहीं शिवाघाट मार्ग पर स्थित पैकोलिया थाने की चहारदीवारी बिल्कुल सड़क से सटाकर बनाई गई है। इस अतिक्रमण के चलते राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
थानाें के पास सीज वाहनों को खड़ा करने की जगह नहीं
हर्रैया और मुंडेरवा थाने को छोड़ दें तो अन्य किसी थाने पर सीज वाहनों को खड़ा करने की जगह नहीं है। थानों के पास यार्ड न होने से पकड़े गए वाहन गेट के बाहर सड़क की पटरियों पर खड़े करवाए जा रहे हैं। इसमें दुबौलिया, सोनहा, कप्तानगंज, लालगंज, वाल्टरगंज, परशुरामपुर थाने भी शामिल है। जिनके पास सीज वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था नहीं है।
-
केस- एक
रात में हम अपनी कार से मुंडेरवा से शहर स्थित अपने घर जा रहे थे। कोतवाली के पास सामने से अचानक बस आ गई। गाड़ी साइड किए तो पटरी पर खड़े वाहन से बाई तरह का हिस्सा भिड़ गया। गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। कहीं कंपलेन भी नहीं कर सकते हैं।
-राजन उपाध्याय, गांधीनगर।
-
केस- दो
गोरखपुर से आते समय हाईवे पर खझौला चौकी के पास सड़क के किनारे एक ट्रक खड़ी थी। अंधेरे में नहीं दिखी। हम बाई साइड से चल रहे थे। अचानक दिखाई पड़ने पर ब्रेक लिया। गनीमत थी कि गाड़ी कंट्रोल में हो गई, फिर भी हल्का टकराकर बाई तरफ की हेडलाइट डैमेज हो गई। बड़ी अनहोनी से फिलहाल बच गए।
-अकबर अली, तुरकहिया।
सीज किए गए वाहनों को थाना परिसर में ही खड़े करने के निर्देश गए हैं। जिन थानों के पास जगह नहीं है उसके लिए शासन स्तर पर लिखा पढ़ी की जा रही है। वैसे पकड़े गए अधिकांश वाहन थाना परिसर में ही खड़े करवाए जा रहे हैं।
-गोपाल कृष्ण चौधरी, एसपी, बस्ती।