- गोंडा के सात गुर्गों को पुलिस ने रविवार को किया था गिरफ्तार
- फोरलेन पर मुर्गे लदे पिकअप को घेरकर लूटता था यह गिरोह
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। मुर्गे लूटने वाले गोंडा के गिरोह के दो और सदस्यों के बारे में पुलिस को पता चला है। सात आरोपियों को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ में दो नाम सामने आए हैं। एसपी ने बताया कि केस में दोनों का नाम बढ़ाकर तलाश शुरू कर दी गई है। जिन दो गुर्गों का नाम सामने आया है, उनमें राजा भैया उर्फ मिश्रा निवासी तोपखाना कोतवाली नगर गोंडा और उमेश पांडेय निवासी सिंघई पुरवा थाना कोतवाली देहात जनपद गोंडा शामिल हैं।
बता दें कि चार और आठ जून की रात फोरलेन पर मुर्गे लदे वाहनों से मुर्गे की लूट की दो वारदातें हुईं। दोनों में मुर्गे लदे पिकअप को घेरकर रोका गया और उनके चालक खलासी को दूसरी गाड़ी में बैठाकर उनकी मुर्गे लदी पिकअप कब्जे में ले लिया गया। ताबड़तोड़ दो वारदातों से तिलमिलाई पुलिस की स्वाट, एसओजी, सर्विलांस व छावनी थाने की पुलिस ने छानबीन शुरू की।
दूसरे ही दिन गोंडा के एक गिरोह के सात सदस्यों को धर दबोचा। एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने प्रेसवार्ता में बताया कि पकड़े गए लुटेरों में गोंडा के कोतवाली देहात क्षेत्र के पांडेय पुरवा पथरी बाजार निवासी बबलू अहमद, शुक्लन पुरवा माझा तरहर निवासी विजेंद्र तिवारी, रिजवान उर्फ राजू, कोतवाली नगर थाने के चौक बाजार बड़ा इमामबाड़ा निवासी हैदर अली, राम नगर तरहर पुरवा निवासी मोहम्मद अफसर, तरबगंज थाने के हिलालपुर निवासी संतोष कुमार और इस्लाम अहमद निवासी इमामबाड़ा काशी राम कॉलोनी थाना कोतवाली नगर जनपद गोंडा शामिल हैं। इनसे पूछताछ में राजा भैया और उमेश का नाम सामने आया।