गौर। सड़क हादसे में पति-पत्नी को ठोकर मारकर गंभीर रूप से घायल करने वाली कार को पुलिस ने 25 दिन बाद कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया है। जबकि दुर्घटना में घायल व्यक्ति के तहरीर पर पुलिस ने वाहन चालक सहित कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। गौर थाना क्षेत्र के कोठवा गांव निवासी प्रेम कुमार सिंह अपने पत्नी के साथ 29 अप्रैल को अपने घर से मोटरसाइकिल से बभनान की तरफ एक रिश्तेदार के यहां जा रहे थे, तेज रफ्तार में विपरीत दिशा से आ रही कार ने उन्हें जबरदस्त ठोकर मार दी थी। जिससे पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक में भी काफी नुकसान हो गया। प्रेम कुमार सिंह के दाहिने हाथ की हड्डी भी टूट गई। जिसका इलाज अभी भी चल रहा है, इस मामले में घायल प्रेम कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार की तलाश में जुटी रही। लेकिन वह पुलिस से बचता रहा। आखिरकार 25 दिन बाद पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार को बरामद कर थाने पर ले आई है, मामले की विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन को पकड़ लिया गया है। अब आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद