संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले भर में सकुशल होली का जश्न संपन्न होने के बाद वीरवार को पुलिस लाइन में होली मिलन का आयोजन किया गया। फगुआ के गीतों के बीच सभी होली के जश्न में थिरकते रहे।
कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्रा, आईजी आरके भारद्वाज, डीएम प्रियंका निरंजन और एसपी आशीष श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया।
आला अफसरों ने सबसे पहले पूरी टीम को सकुशल होली संपन्न कराने के लिए शुभकामना दी। कार्यक्रम के समापन में फूलों की होली भी खेली गई। समारोह में फगुआ के गीतों का समा गायक पंकज गोस्वामी व वंदना ने बांधा। ‘होली खेंले रघुवीरा’, ‘आज बीरज में होली है रे रसइया’, ‘रंग बरसे भीखे चुनर वाली’, ‘रेलिइया बैरन पिया को’ समेत अन्य गीतों से कलाकारों ने सभी को झूमने पर विवश कर दिया।
इससे पूर्व पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने एक-दूसरे को होली की बधाई देते हुए त्योहार के दिन मुस्तैदी से ड्यूटी करने के लिए शबासी दी। सभी सर्किल के सीओ से लेकर थाना प्रभारी/थानेदार आदि मौजूद रहे।