बस्ती। दुबौलिया थाने के गोकुलपुर के पास सरयू नहर में बोरे में मिले युवती के शव की दूसरे दिन भी शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने अब इसकी पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है। पुलिस के व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक और ट्विटर के माध्यम से प्रयास किया जा रहा है। साथ ही आसपास के गोंडा, अयोध्या, आंबेडकरनगर जिलों की पुलिस से संपर्क किया है। वहां किसी युवती की गुमशुदगी के बारे में भी जानकारी ली जा रही है।
दुबौलिया थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव के निकट रविवार सुबह सरयू नहर की पुलिया के नीचे झाड़ में फंसे बोरे में युवती का शव मिला था। ऐसा लगता है कि उसके साथ दरिंदगी की गई है। थाने से करीब छह सौ मीटर दूर से मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी को खोलवाकर देखा तो हाथ पैर कपड़े की पतली पट्टी से बंधा युवती का शव मिला। युवती की उम्र लगभग 24-25 वर्ष है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण गोपाल चौधरी ने भी दोपहर में मौके पर पहुंच कर पुलिस से जानकारी ली। युवती के शरीर पर लाल रंग की समीज व सफेद रंग की लैगी पहनी हुई थी। दुबौलिया पुलिस ने काफी प्रयास की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस भी 72 घंटे बीतने का इंतजार कर रही है। ताकि स्पष्ट हो सके कि युवती के साथ किस तरह की दरिंदगी की गई है।