बस्ती। दुर्गा पूजा मेला को पुलिस अलर्ट मोड में है। दिन में तीन बजे के बाद मेला क्षेत्र को पुलिस खाली कराने में जुट जा रही है। कंपनीबाग से लेकर दरिया खां मोड़ तक पुलिस टीम ऑटो में लगे माइक से अनाउंस करते हुए आगे बढ़ रही है।
इस दौरान सड़क के बीचो-बीच खड़े चार पहिया वाहन और पटरी पर लगाए ठेले को हटाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। यदि सूचना के बाद वाहन नहीं हटाए जा रहे हैं तो चालान आदि की कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है।
शाम ढलने के बाद गांधीनगर मार्ग को पूरी तरह पैदल जोन बना दिया जा रहा है। कंपनीबाग चौराहे पर बैरिकेडिंग कर दी जा रही है। यहां से चार पहिया वाहन को गांधीनगर की तरफ नहीं जाने दिया जा रहा है। बुधवार तक दो पहिया वाहनों के लिए सहूलियत थी लेकिन भीड़ बढ़ने के कारण बृहस्पतिवार से दोपहिया वाहनों के भी प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है।
केवल पैदल श्रद्धालुओं को ही मेला क्षेत्र में प्रवेश मिल रहा है। कटरा, शास्त्री चौक से आने वाले वाहनों को या तो वापस कर दिया जा रहा हैं या तो सिविल लाइन की तरफ घुमा दिया जा रहा है। इसी तरह रोडवेज से गांधीनगर की तरफ बढ़ रहे वाहनों को जीआईसी स्कूल के पास रोका जा रहा है। यहां मौजूद पुलिस जीआईसी परिसर में वाहनों को पार्क करा रही है।
इसके बाद श्रद्धालुओं को पैदल जाने की अनुमति दी जा रही है। इसी तरह अस्पताल चौराहा पर भीड़ बढ़ने के दौरान दक्षिण दरवाजा की तरफ वाहन नहीं जाने दिया जा रहा है। दक्षिण दरवाजा चौक से मंगलबाजार के लिए भी चार पहिया शाम ढलने के बाद नहीं जाने दिए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ में महिला, पुरुष पुलिस भी साथ चल रही है। चोर-उचक्कों और मनचलों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
भीड़भाड़ वाले क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर संबंधित सेक्टर के प्रभारी को इसकी सूचना दी जा रही है। कंपनीबाग, महरीखांवा में अधिक भीड़ एकत्र होने के दौरान कई बार पुलिस को पहुंचना पड़ रहा है। पुलिस और प्रशासन के आला अफसर खुद पैदल घूमकर पल-पल मेले का जायजा ले रहे हैं। चार पहिया वाहनों को मालवीय मार्ग, पचपेड़िया मार्ग, स्टेशन रोड से निकाला जा रहा है।
शहर में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित
सामान्य दिनों में भारी मालवाहक रात के समय शहर में प्रवेश करते थे। सामग्री अनलोड करने के बाद यह वाहन आसानी से निकल जाते रहे। मगर इन दिनों मेला होने के कारण भारी माल वाहकों को रात में भी प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। ट्रांसपोर्टर अखिलेश सिंह ने कहा कि गिट्टी, मोरंग से लदे वाहन शहर में प्रवेश नहीं पा रहे हैं। बुधवार तक गनीमत रहा कि आधी रात के बाद वाहनों को शहरी क्षेत्र में जाने दिया गया है। बृहस्पतिवार से इन वाहनों के प्रवेश की कोई गुंजाइश नहीं है। दिन में ट्रैफिक की वजह से प्रवेश नहीं मिल पाता है। अगले चार-पांच दिनों तक यह समस्या बनी रहेगी।
कोट:::दुर्गा पूजा मेला को देखते हुए रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू कर दी गई है। प्रभावी ढंग से इसका पालन भी कराया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले वर्जित क्षेत्रों में वाहनों को प्रवेश कतई नहीं दिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे से भी इसकी निगरानी कराई जा रही है। -श्यामकांत, एएसपी।