बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के कडसरी मिश्र में देसी शराब की दुकान में शुक्रवार की रात हुई लूट की वारदात में पुलिस को सेल्समैन पर ही शक है। दुकान के लाइसेंसी भी सेल्समैन पर संदेह जता चुके हैं। उधर, रविवार की शाम को करीब चार बजे शराब की दुकान के सामने रोड पर पड़े गिट्टी पर सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर पड़ा हुआ मिला है। इससे पुलिस का शक और गहरा हो गया है।
शराब की दुकान पर हुई लूट के मामले की तीन थानों लालगंज, कलवारी और मुंडेरवा की पुलिस छानबीन की है। इसके अलावा एसपी अभिनंदन ने एसओजी को भी इस मामले में लगाया है। कलवारी थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी देसी शराब की दुकान के लाइसेंसी श्याम कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर चोरी और छिनैती के आरोपी में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सूत्र बताते हैं कि दुकान के सेल्समैन वीरेंद्र यादव अब भी पुलिस की हिरासत में है। जबकि लालगंज के थानेदार संजय कुमार का कहना है कि सेल्समैन को सिर्फ पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
बता दें कि कार सवार तीन बदमाशों ने तमंचे की नोक पर शुक्रवार की रात देसी शराब की दुकान से करीब दो लाख रुपये लूट कर सनसनी फैला दी थी। बदमाश सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उठा ले गए थे। सेल्समैन के अनुसार, बदमाश तमंचे के नोक पर उसे कार के पास तक ले गए और गाड़ी पर बैठकर भाग गए। रुधौली के सीओ कुलदीप यादव ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। दुकान के मालिक ने सेल्समैन पर ही शंका जाहिर की है। सभी पहलुओं पर नजर रखते हुए जांच चल रही है।