- बीच-बीच में सर्वर ठीक होने पर कुछ ग्राहकों को मिल जाता है लाभ
तुसायल, भिरिया ऋतुराज, लक्ष्मनपुर, सल्टौआ गोपालपुर शाखा में भी प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनहा। क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक में दो दिन से सर्वर की खामी के चलते लेनदेन प्रभावित है। जिससे ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यही समस्या क्षेत्र के तुसायल, भिरिया ऋतुराज, लक्ष्मनपुर, सल्टौआ गोपालपुर व रामनगर शाखा में है। मंगलवार को बैंक पहुंचे ग्राहक महेंद्र कुमार, जगराम, राम कुमार, विनोद कुमार, राजमंगल वर्मा, धर्मेंद्र कुमार आदि ने बताया कि दो दिन से रुपये निकालने के लिए आ रहे हैं। लेकिन सर्वर की खामी बताकर अधिकारी मना कर रहे हैं।
बता रहे हैं कि तकनीकी दिक्कतों के चलते लेनदेन नहीं हो पा रहा है। फसल में उर्वरक डालने व सिंचाई करने का समय है। ऐसे में रुपये न निकलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिल्डिंग मैटेरियल व्यवसायी राज मंगल वर्मा ने बताया कि रुपये न मिलने से व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
इस संबध में शाखा प्रबंधक आशीष कुमार ने बताया कि सर्वर में खामी के चलते दो दिन से लेनदेन प्रभावित है। बीच-बीच में सर्वर ठीक होने पर लेनदेन हो जाता है। बृहस्पतिवार तक समस्या का समाधान हो जाएगा।
पीएनबी ने शाखाओं के बाहर चस्पा किया सर्वर फाल्ट का नोटिस
छावनी। क्षेत्र में स्थित पीएनबी की विक्रमजोत व पचवस शाखा पर तीन दिनों से लेनदेन ठप है। बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार से ही सर्वर खराब चल रहा है। जिसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। बैंककर्मियों ने शाखा के बाहर सर्वर फॉल्ट का नोटिस चस्पा कर दिया है। इस संबंध में शाखा प्रबंधक विवेक कुमार ने बताया कि सर्वर में समस्या के चलते लेनदेन प्रभावित हो रहा है। बुधवार तक ठीक हो जाएगा।